रामगढ़ में आज सहारा हॉस्पिटल का विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र शिविर, आयुष्मान योजना से मिलेगा मुफ्त इलाज

MP DARPAN
0

डबरा। डबरा नगर के रामगढ़ क्षेत्र में आज स्वास्थ्य सेवा का एक बड़ा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। शहर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता महाराज सिंह राजौरिया (पूर्व चेयरमैन, नगर पालिका डबरा) एवं सुनीता राजौरिया (पार्षद, नपा डबरा) के विशेष प्रयासों से ग्वालियर-चंबल अंचल के सुप्रसिद्ध सहारा हॉस्पिटल द्वारा एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर वार्ड क्रमांक 16, रामगढ़ में पूर्व चेयरमैन महाराज सिंह राजौरिया के निवास के पास, पुराना गाड़ी अड्डा रोड पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। शिविर का संचालन वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ए.एस. भल्ला के मार्गदर्शन में किया जाएगा। शिविर में नेत्र परीक्षण के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी, वहीं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। मोतियाबिंद एवं अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों का विशेष पंजीयन किया जाएगा। पंजीकृत मरीजों को अस्पताल की सुविधा युक्त गाड़ी से ग्वालियर ले जाया जाएगा, जहां आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उनका पूर्णतः निःशुल्क इलाज किया जाएगा। इस अवसर पर महाराज सिंह राजौरिया एवं पार्षद सुनीता राजौरिया ने डबरा शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता से अपील की है कि वे इस जनकल्याणकारी शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top