करैरा पुलिस ने बाइक चोर गैंग का किया भंडाफोड़, शातिर आरोपी गिरफ्तार, 4 चोरी की बाइकें बरामद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4 चोरी की मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 85 हजार रुपए है बरामद की गई हैं।  

करैरा टीआई विनोद छावई के अनुसार, 29 मार्च को अजय कुमार गुप्ता निवासी कच्ची गली करैरा ने गणेश चौक के पास दुकान के बाहर खड़ी अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट करैरा थाने में दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 218/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के जीरो टॉलरेंस निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर सूचना पर गणेश मंदिर व्हीआईपी रोड के पास दबिश दी। यहां एक संदिग्ध युवक बाइक बेचने की फिराक में मिला, जो पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीतेश उर्फ चीनी माहौर उम्र 29 वर्ष निवासी दीनदयाल नगर करैरा बताया और चोरी की वारदात कबूल की। उसकी निशानदेही पर चोरी की सीडी डीलक्स सहित कुल 4 बाइकें बरामद की गईं। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने साथी मस्ते रावत निवासी चितावनी, डबरा के साथ मिलकर ग्वालियर-डबरा क्षेत्र से भी वाहन चोरी कर दिहायला गांव की गौशाला में छिपाए थे। फरार आरोपी मस्ते रावत की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, प्र.आर. डैनी कुमार, आरक्षक राधेश्याम जादौन, हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर, सुरेन्द्र रावत एवं रामअवतार गुर्जर की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top