ठेले वाले की बेटियों ने रचा इतिहास, जिले के 22 छात्र टॉप-10 में शामिल

MP DARPAN
0

रिजल्ट में शिवपुरी का उत्तीर्ण प्रतिशत में उछाल, मेरिट में बेटियों का परचम 

शिवपुरी। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम 2026 में इस बार शिवपुरी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी उपलब्धि हासिल की है। एक ओर जहां परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई, वहीं दूसरी ओर मेरिट सूची में बेटियों ने परचम लहराकर इतिहास रच दिया। जिले का हाईस्कूल परिणाम 71.58 प्रतिशत और हायर सेकेण्ड्री 78.71 प्रतिशत रहा। खास बात यह रही कि हायर सेकेण्ड्री में पिछले वर्ष की तुलना में 8.20 प्रतिशत और हाईस्कूल में 4.68 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मेरिट की बात करें तो जिले के 22 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाया, जिनमें 12वीं के 14 और 10वीं के 8 छात्र शामिल हैं।

सबसे प्रेरणादायक कहानी रही दो सगी बहनों चंचल कुशवाह और प्रीति कुशवाह की। सब्जी का ठेला लगाकर परिवार चलाने वाले पिता की बेटियों ने 12वीं कृषि संकाय में कमाल कर दिया। चंचल कुशवाह ने 493/500 अंक के साथ प्रदेश में पहला स्थान, जबकि उनकी बहन प्रीति कुशवाह ने 488/500 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इसी संकाय में तुलसी राजावत ने भी 493 अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं संजना धाकड़ 487 अंक तीसरे और लक्ष्मी यादव 484 अंक पांचवें स्थान पर रहीं जिससे कृषि संकाय में शिवपुरी का दबदबा साफ नजर आया। अन्य संकायों में भी शानदार प्रदर्शन रहा। कला में दीप्ति रावत तीसरा, विज्ञान-गणित में कान्हा शर्मा तीसरा और वाणिज्य में प्रतिष्ठा गौड़ पांचवां स्थान पर रहीं। 10वीं में राजीव राठौर, दीपेश धाकड़ 8वां, स्मृति पांडे, आशिकी शर्मा, रानू प्रजापति 9वां और मोनिका प्रजापति, रवि कुशवाह, मानसी अग्रवाल 10वां ने जिले का नाम रोशन किया। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने शिवपुरी जिले के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष का प्रदर्शन जिले की सतत शैक्षणिक प्रगति और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री के परिणामों में आई उल्लेखनीय वृद्धि यह दर्शाती है कि शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक सभी ने मिलकर शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।  

कलेक्टर ने दी बधाई, कहा- अब अगली उड़ान की तैयारी करें

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने सफल छात्रों को आगे की तैयारी के लिए प्रेरित किया, वहीं असफल विद्यार्थियों से निराश न होने और पुन: प्रयास करने की अपील की।

आईपीएस स्कूल की बेटियों ने दिलाया प्रदेश में मान

इंडियन पब्लिक हायर सेकेंडरी (आईपीएस) स्कूल शिवपुरी की छात्राओं ने प्रदेश स्तर पर परचम लहराया। चंचल कुशवाह 493 अंक ने पहला और उनकी बहन प्रीति कुशवाह 488 अंक ने दूसरा स्थान हासिल किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top