शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने रंगदारी, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे, जिन्हें आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया।
मामला 25 फरवरी 2026 का है, जब शांतिनगर निवासी कुलदीप शाक्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गौरव शर्मा और हर्षित पाराशर ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने 15 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों गौरव शर्मा (34) और हर्षित पाराशर (29), निवासी कमलागंज का बाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल शिवपुरी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ पहले से भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में उनि. सुमित शर्मा, सउनि. आविद खान, आरक्षक सुमित सेंगरऔर मुकेश वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने तीन सटोरियों को किया गिरफ्तार, 3100 रुपये नकद व पर्चियां जब्त
कोतवाली पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सट्टा पर्चियां एवं नकदी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल को पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र से शिवम गर्ग (36) निवासी नमोनगर को सट्टा खिलाते पकड़ा गया। उसके पास से चार सट्टा पर्चियां, एक पेन और 950 रुपये नगद जब्त किए गए। वहीं 15 अप्रैल को गांधी पार्क क्षेत्र में मुकेश जाटव (46) निवासी लालमाटी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन पर्चियां व 1100 रुपये बरामद किए गए। इसी क्रम में पुराने रेलवे स्टेशन क्षेत्र से रवि जाटव (33) निवासी न्यू ब्लॉक को पकड़ा गया, जिसके पास से तीन सट्टा पर्चियां व 1050 रुपये जब्त हुए। तीनों आरोपियों के विरुद्ध क्रमशः अपराध क्रमांक 273/26, 274/26 एवं 275/26 के तहत सट्टा अधिनियम की धारा 4 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अवतार सिंह, जितेंद्र रायपुरिया, संतोष बैस, अजय यादव तथा आरक्षक महेंद्र तोमर व शिवकुमार मीणा की सराहनीय भूमिका रही।


