करैरा पुलिस का डबल एक्शन : एक ही दिन में 7.70 लाख की स्मैक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। नशे के खिलाफ करैरा थाना पुलिस ने डबल कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसने तस्करी के पूरे नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया है। एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 37.93 ग्राम स्मैक कीमत करीब 7.70 लाख रुपये जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के सख्त निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में टीम लगातार सक्रिय रही। पहली कार्रवाई गल्ला मंडी करैरा क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर अतुल लोधी उम्र 20 वर्ष निवासी सिरसौद को दबोचा। उसके पास से 20.43 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई मुंगावली तिराहे के पास यात्री प्रतीक्षालय में की गई, जहां वसूली उर्फ सौरभ यादव उम्र 25 वर्ष को 17.50 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटे के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पूछताछ में दोनों ने स्मैक का स्रोत दयाल सिंह रावत, निवासी फूलपुर थाना सीहोर को बताया है। इससे साफ है कि पुलिस अब एक बड़े सप्लाई नेटवर्क के करीब पहुंच चुकी है और इसकी परतें खोलने में जुटी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह चाहन, उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह चाहर, सहायक उपनिरीक्षक चरण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बृजराज यादव, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह, आरक्षक हरेन्द्र सिंह गुर्जर, मत्स्येन्द्र गुर्जर, नीरज सिंह, मधुर श्रीवास्तव, सुरेन्द्र रावत, राधेश्याम जादौन और चालक रामअवतार गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top