शिवपुरी। कोलारस पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फिल्मी अंदाज में पीछा कर 25 पेटी देशी शराब और एक बिना नंबर की बलेनो कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 11 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि आरोपी मौके से जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई तेज की गई है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गब्बर सिंह गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद कार में शिवपुरी से सुनाज की ओर शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम धर्मपुरा में घेराबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बलेनो कार आती दिखी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने सरकारी वाहन से पीछा किया, तो कार चालक तेजी से भागने लगा। भागते समय कार गोरा टीला मार्ग पर एक पत्थर की मुंडेर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस को आता देख चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। तलाशी में कार से 25 पेटी देशी प्लेन शराब कीमत 1.25 लाख रुपये बरामद हुई। वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। जांच में आरोपी की पहचान सुरेन्द्र पिता गिरवार लोधी, निवासी ग्राम अगरा मलावनी पिछोर के रूप में हुई। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक गब्बर सिंह गुर्जर, सउनि लटूरचंद जाटव, प्रधान आरक्षक उदय सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक रामवरन लोधी, आरक्षक पुष्पेन्द्र रावत, आरक्षक निर्मल बारेला और आरक्षक लालू प्रसाद यादव की सराहनीय भूमिका रही।


