शिवपुरी। ग्वालियर-शिवपुरी-गुना-देवास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते हादसों को लेकर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र जैन गोटू के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी पहल करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान शिवपुरी से गुना के मध्य स्थित कोलारस, लुकवासा एवं बदरवास नगरों के प्रवेश मार्गों पर ओवरब्रिज/अंडरपास और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं के निर्माण हेतु ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि इन क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सुरक्षित क्रॉसिंग और संरचनात्मक सुविधाओं के अभाव में दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर जनसमस्या बताते हुए त्वरित समाधान की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग ज्योतिरादित्य सिंधिया के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों का परिणाम है, जिसने क्षेत्र को विकास की नई दिशा दी है। अब आवश्यकता है कि इस हाईवे को और अधिक सुरक्षित बनाया जाए, ताकि जनहानि रोकी जा सके। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है। यदि इस पहल से एक भी व्यक्ति की जान बचती है, तो यह प्रयास सार्थक होगा, यह संदेश भी प्रमुखता से रखा गया। श्री सिंधिया ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


