निरीक्षण में खुलीं व्यवस्थाओं की पोल, कलेक्टर के दौरे में सामने आईं गड़बडिय़ां, अधिकारियों को फटकार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में व्यवस्थाओं का जायजा लेने निकले कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के औचक निरीक्षण में कई खामियां उजागर हुईं। उपार्जन केंद्रों से लेकर स्वास्थ्य संस्थाओं तक लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए तत्काल सुधार के आदेश दिए।

ग्राम पंचायत गंगोरा स्थित वेयरहाउसों में गेहूं उपार्जन व्यवस्था का निरीक्षण करते समय किसानों ने सीधे कलेक्टर के सामने अपनी समस्याएं रख दीं। एक किसान ने बताया कि उसे मोबाइल पर एसएमएस कोड नहीं मिल रहा, जिससे उपार्जन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। वहीं बारदाने की कमी की शिकायत भी सामने आई। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सूचना तंत्र और परिवहन व्यवस्था में समन्वय की कमी है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद कलेक्टर ने उपस्वास्थ्य केंद्र करई और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसौद का औचक निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाओं में ढिलाई नजर आई। रजिस्टर संधारण, ओपीडी और दवा वितरण व्यवस्था की जांच करते हुए उन्होंने साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों और स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आंगनवाड़ी केंद्र सिरसौद में बच्चों की उपस्थिति और पोषण आहार की स्थिति की भी समीक्षा की गई, जहां व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। करैरा एसडीएम कार्यालय के निरीक्षण में भी कलेक्टर ने लंबित मामलों और शिकायतों के निराकरण में सुस्ती पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समय पर निपटारा किया जाए, ताकि आमजन को जिला स्तर तक भटकना न पड़े।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top