जनगणना में लापरवाही नहीं चलेगी, कलेक्टर की दो टूक- प्रशिक्षण में ही सुधार लें, वरना आंकड़े होंगे गलत

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। करैरा दौरे के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशिक्षण को हल्के में लेने वालों के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए हर प्रगणक और सुपरवाइजर अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से समझे।

संदीपनी शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करैरा में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने प्रतिभागियों को चेताते हुए कहा कि अभी सीखने और समझने का समय है, अगर यहीं गलती रह गई तो फील्ड में सुधार का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान हर छोटी-बड़ी शंका को तत्काल पूछें और समाधान प्राप्त करें। कलेक्टर ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल सिस्टम को भी शामिल किया गया है, जिससे आम नागरिक स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। ऐसे में प्रगणकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि उन्हें लोगों को सही मार्गदर्शन देना होगा। उन्होंने स्वगणना प्रक्रिया को सरल बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को खुद इसका अभ्यास करने की सलाह दी। कलेक्टर ने कहा कि जब खुद प्रक्रिया स्पष्ट होगी, तभी आमजन को सही तरीके से समझाया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने वाले प्रगणकों के लिए यह प्रशिक्षण ही सबसे बड़ा आधार है। अगर शुरुआती स्तर पर जानकारी सही और सटीक नहीं होगी, तो पूरे जिले के आंकड़े प्रभावित होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top