24 हजार लीटर के 8 टैंकर भरेंगे संपवेल, हर घर तक पहुंचेगा पानी

MP DARPAN
0

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर कलेक्टर अर्पित वर्मा की इमरजेंसी बैठक, भाजपा और प्रशासन मैदान में उतरा

शिवपुरी। सिंध जलावर्धन योजना की मोटर खराब होने से शहर में उत्पन्न जल संकट को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गंभीर चिंता जताते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा को तत्काल प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने जिला कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित कर अधिकारियों को शहर में किसी भी स्थिति में पेयजल संकट नहीं होने देने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, एसडीएम आनंद राजावत, सीएमओ इशांक धाकड़, एई सचिन चौहान, हरवीर रघुवंशी, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, भाजपा महामंत्री केपी परमार, योगेंद्र रघुवंशी, सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय प्रभारी कपिल भार्गव, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश जैन, पत्रकार नीरज तोमर, निर्देश गोयल सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में तय किया गया कि शहर के चारों जोनों के संपवेल 24-24 हजार लीटर क्षमता वाले 8 बड़े टैंकरों से भरे जाएंगे, जिससे नलों के माध्यम से हर घर तक नियमित पानी पहुंचाया जा सके। साथ ही 39 वार्डों में 40 छोटे टैंकरों से जल वितरण कराया जाएगा। सीएमओ इशांक धाकड़ ने गांधी पार्क जोन में रंजीत खापरे, सब्जी मंडी जोन में राकेश धाकड़, राव की बगिया जोन में सतेंद्र गरवाल और फिजिकल संपवेल की जिम्मेदारी रंजीत खापरे को सौंपी है। भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने बताया कि घसारई फिल्टर प्लांट को भी दोबारा चालू किया जाएगा। तालाब में पानी कम होने के कारण अब चांदपाठा झील से पानी छोड़ा जाएगा, जिससे शहरवासियों को नियमित पेयजल मिल सके। उन्होंने बताया कि सिंध योजना शुरू होने के बाद बंद किए गए 489 नलकूपों को भी दोबारा चालू किया जाएगा। इन नलकूपों में पुन: मोटर डालकर वार्ड स्तर पर जल उपलब्ध कराया जाएगा। जनसहयोग से अतिरिक्त टैंकर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला महामंत्री लवलेश जैन 'चीनूÓ ने 5 टैंकर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत ओझा ने 5 टैंकर, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता ने 5 टैंकर और योगेंद्र यादव ने 1 टैंकर देने की घोषणा की है। भाजपा कार्यकर्ताओं की टीमें वार्डों में रहकर जल वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगी, ताकि भीषण गर्मी में नागरिकों को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top