जल संकट के चलते सीएमओ खुद मैदान में उतरे, 28 टैंकर सड़कों पर, कब्जे से बोर मुक्त

MP DARPAN
0

मड़ीखेड़ा की मोटर खराब होने से बढ़ा संकट, 4 निजी नलकूप अधिग्रहित, टैंकर कर्मी पर हमले के बाद प्रशासन और सख्त

शिवपुरी। भीषण गर्मी और मड़ीखेड़ा पंपिंग स्टेशन की मोटर खराब होने से उत्पन्न जल संकट के बीच कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में नगर पालिका शिवपुरी ने मोर्चा संभाल लिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी इशांक धाकड़ ने स्वयं कमान संभालते हुए शहर के चारों जोनों का दौरा किया और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। उनकी सक्रियता के चलते नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। सीएमओ इशांक धाकड़ के अनुसार मणिखेड़ा जल आवर्धन योजना की सप्लाई मंगलवार से सामान्य होने लगेगी। नई मोटरों की उपलब्धता के बाद शहर की पेयजल व्यवस्था और मजबूत होगी, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

सीएमओ इशांक धाकड़ ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 28 टैंकरों को मैदान में उतार दिया गया है। इनमें 24 हजार लीटर क्षमता वाले 6 बड़े टैंकर शामिल हैं, जो लगातार संपवेल भरकर जलप्रदाय व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मोटर खराब होने, पाइप लाइन बढ़ाने या किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। जल संकट से जूझ रहे वार्डों को प्राथमिकता देते हुए सीएमओ धाकड़ ने वार्ड क्रमांक 29 और 30 में भूरा बाथम द्वारा कब्जाए गए सार्वजनिक बोर को मुक्त कराया। इसके बाद क्षेत्र में पानी उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हुआ। वहीं फल मंडी स्थित मुख्य बोर में नए पाइप डलवाकर उसकी जल क्षमता भी बढ़ाई गई है। इधर संकट की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ आनंद सिंह राजावत ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी के प्रस्ताव पर मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम के तहत मुन्नासूद हवाई पट्टी के पास, सरमन कुशवाहा वीटीपी स्कूल के पास, सुनील ओझा हलचल वाटर सप्लायर और विनोद राठौर शिवा वाटर सप्लायर के निजी नलकूप 10 दिनों के लिए अधिग्रहित कर लिए हैं। इन नलकूपों से टैंकर भरकर शहर के जलसंकटग्रस्त क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाएगा। इस बीच छोटा लुहारपुरा में पानी वितरण के दौरान नपा कर्मी मजबूत सिंह रावत पर आसू सोनी ने लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक फट गई। घटना के समय शिवसिंह धाकड़, रामेश्वर कुशवाह और दिलीप रजक मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीएमओ इशांक धाकड़ ने स्पष्ट कहा कि जल संकट से निपटना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता की सेवा में लगे कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंगलवार से मणिखेड़ा जल आवर्धन योजना की सप्लाई पूरी तरह सुचारू होने लगेगी, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

सीएमओ के बड़े फैसले

शहर के चारों जोनों का स्वयं निरीक्षण, 28 टैंकरों से आपूर्ति शुरू, 24 हजार लीटर क्षमता वाले 6 महा-टैंकर तैनात, वार्ड 29-30 में कब्जे से सार्वजनिक बोर मुक्त कराया, फल मंडी के मुख्य बोर में नए पाइप डलवाए एवं जल संकटग्रस्त वार्डों की विशेष मॉनिटरिंग।

टैंकर कर्मी पर हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला

फरियादी मजबूत सिंह रावत अपने साथी शिवसिंह धाकड़ के साथ पानी वितरण कर रहे थे। इसी दौरान आसू सोनी ने जबरन टैंकर से पानी भरने का प्रयास किया। रोकने पर उसने लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया। घटना में रामेश्वर कुशवाह और दिलीप रजक ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 के तहत जल आपूर्ति में बाधा डालने, अधिग्रहित नलकूपों के उपयोग में रुकावट पैदा करने या शासकीय कार्य में व्यवधान डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। यदि कोई भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता है या जल आपूर्ति में बाधा डालता है, तो अधिनियम की धारा 9 के तहत 2 वर्ष तक के कारावास या 2,000 रूपए तक के अर्थदंड अथवा दोनों से दंडित किया जा सकता है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top