पंचायत ने बताया काम पूरा, लेकिन शिकायतकर्ता ने जताई असंतुष्टि, आईवीआरएस में विरोध दर्ज होते ही मामला दोबारा जांच के लिए भेजा गया
नरवर, शिवपुरी। शासन की जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए बनाई गई सीएम हेल्पलाइन में एक बार फिर कागजी समाधान का मामला सामने आया है। नरवर जनपद की ग्राम पंचायत नयागांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम नांदपुर निवासी कुलदीप झा ने आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने नाली का गंदा पानी जमा होने की समस्या आज भी बनी हुई है, जबकि अधिकारियों ने शिकायत के निराकरण की रिपोर्ट भेज दी।
शिकायत क्रमांक 3863-4057 के माध्यम से कुलदीप झा ने 29 मई को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि घर के सामने गंदा पानी रुकने से बारिश के मौसम में हालात और बिगड़ सकते हैं तथा बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की थी। जांच के बाद पंचायत स्तर से रिपोर्ट भेजी गई कि साफ-सफाई और पानी निकासी का कार्य करा दिया गया है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि शिकायतकर्ता द्वारा गहरी नाली निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन पंचायत के पास बजट नहीं होने के कारण यह कार्य संभव नहीं है। इसी आधार पर शिकायत को बंद करने का प्रस्ताव भेज दिया गया। मगर शिकायतकर्ता इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। आईवीआरएस के माध्यम से असहमति दर्ज होने के बाद मामला अब उच्च अधिकारियों के पास पहुंच गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि मौके पर समस्या अभी भी बनी हुई है और केवल कागजों में समाधान दिखाया गया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि समस्या वास्तव में खत्म हो चुकी थी तो शिकायतकर्ता ने दोबारा असंतोष क्यों जताया? ग्रामीणों का कहना है कि बरसात से पहले पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हुई तो कई घरों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।



