शिवपुरी। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच नगर परिषद पोहरी ने आमजन को राहत देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बस स्टैंड परिसर में शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया। नगर परिषद अध्यक्ष रश्मि नेपाल सिंह वर्मा ने फीता काटकर प्याऊ का लोकार्पण किया और इसे जनसेवा के प्रति परिषद की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। बस स्टैंड नगर का सबसे व्यस्त स्थान माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री, ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले नागरिक और राहगीर पहुंचते हैं। ऐसे में शीतल जल प्याऊ की शुरुआत लोगों के लिए गर्मी के इस कठिन दौर में बड़ी राहत साबित होगी। अब यात्रियों को बसों के इंतजार के दौरान स्वच्छ और ठंडा पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष रश्मि नेपाल सिंह वर्मा ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों की दैनिक जरूरतों का भी ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परिषद द्वारा जनहित में कई व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि लोगों को अधिकतम राहत मिल सके। शीतल जल प्याऊ भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मौजूद नागरिकों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। बस स्टैंड पर प्याऊ शुरू होने से हजारों यात्रियों और राहगीरों को सीधा लाभ मिलेगा तथा उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष कृष्णलता संजीव शर्मा, पार्षद अमित शर्मा, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


