हवाई पट्टी के पीछे स्मैक का खेल बेनकाब, 8.40 लाख की स्मैक और बाइक सहित दो तस्कर दबोचे

MP DARPAN
0

शिवपुरी। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर 42 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 8 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में स्मैक, चरस, गांजा और शराब माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 30 मई को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति हवाई पट्टी के पीछे लुधावली क्षेत्र में बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े होकर स्मैक बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मल्थू प्रजापति उम्र 38 वर्ष पुत्र बहादुर प्रजापति एवं चंदू आदिवासी उम्र 40 वर्ष पुत्र सरबन आदिवासी, दोनों निवासी लुधावली शिवपुरी बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 42 ग्राम स्मैक तथा 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देहात में अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, उप निरीक्षक केदार सिंह, उप निरीक्षक सुमित सेंगर, प्रधान आरक्षक दीपचन्द्र, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सेन, आरक्षक सचेन्द्र शर्मा, बदन सिंह, अरुण मेवाफरोस, बलवीर सिंह, राघवेन्द्र रावत, नाहर सिंह, रिंकू शाक्य, लाखन बघेल एवं संजय धाकड़ की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top