शिवपुरी। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति पुराने सर्किट हाउस बैराड़ के पास हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दौलत सिंह पुत्र रायसिंह कुशवाह उम्र 25 वर्ष निवासी कालामढ़, थाना बैराड़ तथा शिशुपाल उर्फ बंटी पुत्र कैलाशचंद्र सोनी उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 4, बैराड़ बताए। तलाशी के दौरान दौलत सिंह के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस, जबकि शिशुपाल उर्फ बंटी के पास से एक जिंदा राउंड बरामद हुआ। आरोपियों के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने करीब 6 हजार रुपये मूल्य का कट्टा और 2 जिंदा कारतूस जब्त कर दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 208/26 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। बाद में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक तेज सिंह गौड़, आरक्षक अखलेश, ज्ञान सिंह, गिर्राज त्यागी तथा चालक आरक्षक मनीष परिहार की सराहनीय भूमिका रही।


