खाद की कालाबाजारी पर कोलारस में दो खाद-बीज प्रतिष्ठान सील

MP DARPAN
0

शिवपुरी। किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कोलारस तहसील में खाद की अवैध जमाखोरी और संदिग्ध विक्रय की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो खाद-बीज प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया है।

एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम खरई में खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं बिक्री संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने खाद-बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जय मां वैष्णो उर्वरक भंडार के संचालक रामकृष्ण वर्मा के निवास पर लगभग 100 बैग एनपीके उर्वरक तथा 250 बैग कार्बनिक खाद भंडारित मिली। निरीक्षण के दौरान परिसर के एक अन्य बंद कमरे में भी खिड़की से उर्वरक के बैग रखे दिखाई दिए। हालांकि जांच टीम के पहुंचने पर संबंधित संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिला। इसी प्रकार रवि खाद बीज भंडार के संचालक भी जांच दल के पहुंचते ही दुकान बंद कर मौके से चले गए। दोनों मामलों में परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में यदि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top