दबंगों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पोहरी में 3 स्थानों पर भूमि मुक्त कराई, भूमिस्वामियों को मिला न्याय

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर पोहरी प्रशासन ने दबंगों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध कब्जों को हटाकर भूमिस्वामियों को उनकी जमीन वापस दिलाई। एसडीएम जेपी गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई कर प्रशासन का सख्त संदेश दिया कि गरीब, दलित और आदिवासियों की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सबसे अहम कार्रवाई ग्राम गढ़ला छर्च क्षेत्र में हुई, जहां दबंग लालजी सरदार वर्षों से भूमिस्वामी करन जाटव की करीब 5 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा जमाए हुए था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया, खेत की जुताई करवाई और भूमि का वास्तविक कब्जा करन जाटव को सौंप दिया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत उपसिल के अंतर्गत हाईवे किनारे स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि पर आदिवासियों के नाम की आड़ में किए गए अवैध कब्जे को भी प्रशासन ने बलपूर्वक हटाया। सूचना मिलते ही एसडीएम जेपी गुप्ता ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की। वहीं नगरा में ग्रामीणों द्वारा 23 जून की जनसुनवाई में शासकीय मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई गई थी। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने सर्वे क्रमांक 792 एवं 814 स्थित मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई कर भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की कड़ी चेतावनी दी गई। पूरी कार्रवाई में तहसीलदार, आरआई, पटवारी और पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top