प्रदेश का पहला फिट इंडिया क्लब शुरू, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने किया उद्घाटन

MP DARPAN
0

युवाओं को मिलेगी आधुनिक जिम सुविधा

शिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल पर शिवपुरी ने एक और उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में प्रदेश के पहले जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब (जिम) का शुभारंभ सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।

जिला खेल परिसर के नवीन इंडोर हॉल में स्थापित इस अत्याधुनिक फिट इंडिया क्लब के माध्यम से खिलाड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी आधुनिक इंडोर जिम एवं ओपन जिम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्लब में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो ट्रेनिंग, एरोबिक ट्रेनिंग, रेजिस्टेंस ट्रेनिंग, न्यूट्रिशन सपोर्ट और फिटनेस काउंसलिंग जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिल सकेगा। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट के विजन को आगे बढ़ाते हुए शिवपुरी में प्रदेश के प्रथम जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब की स्थापना की गई है। इसका उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आधुनिक फिटनेस सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह क्लब खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ फिट और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। क्लब की सुविधाओं का लाभ लेने के इच्छुक खिलाड़ियों एवं नागरिकों को पंजीयन कराना होगा। पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए रामपाल सिंह महते मो. 9993612504 एवं सुजीत करोसिया मो. 9039722396 से संपर्क किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top