शिवपुरी। दशकों तक कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के बाद आखिर वह पल भी आया, जब निरीक्षक गब्बर सिंह गुर्जर और सहायक उपनिरीक्षक सरोज कछवाह ने पुलिस सेवा को अलविदा कहा। पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में आयोजित गरिमामय समारोह में दोनों अधिकारियों को सम्मान और भावनाओं के साथ विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने दोनों अधिकारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने भी उनके सेवाकाल को यादगार बताते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए, जिससे समारोह भावुक हो उठा। पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों को प्रमाण-पत्र, शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, स्टेनो आशीष पटेरिया, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा दोनों अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।


