शिवपुरी। 20.62 लाख रुपये मूल्य की 250 क्विंटल सरसों के गबन मामले में पोहरी पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी होली पुत्र जनवेद गुर्जर निवासी धौलपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस की जांच ने अंतरराज्यीय गबन गिरोह की परतें खोल दी हैं।
मामले में 5 मई 2026 को ग्राम तिघरा खोड़ निवासी दिनेश धाकड़ की शिकायत पर पोहरी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी आनंद राय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने विशेष टीमें गठित कर मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से लगातार कार्रवाई की। जांच में पहले छोटू जाटव, राजू शर्मा, जितेंद्र बाथम सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सरसों से भरा ट्रक बरामद किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ट्रक को पोहरी से मुरैना होते हुए धौलपुर ले जाकर व्यापारी की कथित मिलीभगत से 120 क्विंटल सरसों छिपाई गई, जबकि शेष सरसों बेच दी गई थी। पुलिस ने दबिश देकर छिपाई गई सरसों भी बरामद कर ली। अब तक पुलिस 120 क्विंटल सरसों करीब 11 लाख रुपये और करीब 15 लाख रुपये मूल्य का ट्रक सहित कुल 26 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर चुकी है। फरार आरोपी होली गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है। पोहरी पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय आर्थिक अपराध के प्रभावी खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।


