शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेंदुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 73 लीटर अवैध देशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 83 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कोलारस के मार्गदर्शन में रविवार को कॉम्बिंग गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पाली तिराहा फोरलेन पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुमित यादव उम्र 22 वर्ष और आकाश जाटव उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी ग्राम कड़ेसरा, थाना तेंदुआ, को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5 पेटी देशी प्लेन शराब (250 क्वार्टर) एवं 3 पेटी देशी मसाला शराब (150 क्वार्टर) बरामद हुई। प्रत्येक क्वार्टर में 180 मिलीलीटर शराब भरी थी। कुल मिलाकर लगभग 73 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 43 हजार रुपये आंकी गई। साथ ही एमपी-33-जेडजे-2339 नंबर की मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये है, भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीतू सिंह धाकड़, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र सिंह सोलंकी, आरक्षक राहुल परिहार एवं चालक आरक्षक लोकेन्द्र सिंह झाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


