चोरी का माल व बाइक बरामद
शिवपुरी। कोलारस कस्बे में 24-25 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात सात दुकानों और गुमटियों के ताले तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
फरियादी वीरू पुत्र मनमोहन खटीक उम्र 32 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक-7, खटीक मोहल्ला, कोलारस की शिकायत पर थाना कोलारस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने इरफान पुत्र अख्तर खान उम्र 30 वर्ष निवासी इंदिरा कॉलोनी, जगतपुर, कोलारस को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी मोनू धाकड़ के साथ मिलकर मीट मार्केट एवं आसपास की दुकानों के ताले तोड़कर नगदी और सामान चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक पुनीत बाजपेयी, उपनिरीक्षक बबलेश कुमार, प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह, प्रधान आरक्षक नरेश यादव तथा आरक्षक दीपक जाट की सराहनीय भूमिका रही।


