पिछोर में आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, 80 लीटर कच्ची शराब जब्त, 5 हजार किलो लाहन नष्ट

MP DARPAN
0

5 आपराधिक प्रकरण दर्ज  

शिवपुरी। आबकारी विभाग ने शुक्रवार को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछोर क्षेत्र के कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण और करीब 5 हजार किलोग्राम गुड़-लाहन बरामद किया गया। मौके पर ही लाहन का सैंपल लेकर शेष सामग्री नष्ट कर दी गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 5.16 लाख रुपये आंकी गई है।

कलेक्टर अर्पित वर्मा और संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर के उपायुक्त आबकारी संदीप शर्मा के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में पिछोर प्रभारी राहुल गुप्ता की टीम ने कंजर डेरा, मंडी के पीछे, नया चौराहा पुलिया और बामौरकलां पुलिया क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के बाद आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कपार गांव में गश्त कर ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी महिलाओं से संवाद किया। अधिकारियों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने देने की अपील की। संयुक्त गश्त के दौरान गांव से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top