प्रदेश में नंबर-1 बना शिवपुरी जिला अस्पताल, कायाकल्प अवॉर्ड में जीता पहला स्थान, मिलेंगे 15 लाख रुपए

MP DARPAN
0

बदरवास, कोलारस, पोहरी, सतनवाड़ा और खनियाधाना सीएचसी भी सम्मानित

शिवपुरी। स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता के क्षेत्र में शिवपुरी ने प्रदेशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कायाकल्प अवॉर्ड-2026 में शिवपुरी जिला अस्पताल ने 94.4 अंक हासिल कर मध्यप्रदेश के सभी जिला अस्पतालों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर अस्पताल को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के संयुक्त विशेषज्ञ दल ने जिले के स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया था। गुणवत्ता, स्वच्छता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और प्रबंधन के विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन के बाद शिवपुरी जिला अस्पताल प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ घोषित हुआ। जिले के लिए एक और खुशी की बात यह रही कि बदरवास, कोलारस, पोहरी, सतनवाड़ा और खनियाधाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भी कायाकल्प अवॉर्ड के लिए चयनित हुए हैं। इन सभी संस्थानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस सफलता पर डॉ. संजय ऋषीश्वर ने कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन, अस्पताल प्रबंधक, समस्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा सभी चयनित सीएचसी के खंड चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और टीमवर्क का परिणाम है, जो भविष्य में भी उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top