अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदली शिवपुरी स्टेशन की तस्वीर
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- यह विकसित भारत का प्रतीक
शिवपुरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इनमें लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शिवपुरी रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा, जिससे जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली।
लोकार्पण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि नया शिवपुरी रेलवे स्टेशन आधुनिक भारत के आत्मविश्वास, बेहतर अधोसंरचना और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है। अब यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर आधुनिक भवन, नया वेटिंग एरिया, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड, 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज, कवर प्लेटफॉर्म, चौड़ा पहुंच मार्ग तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक दिन बताया, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि यह स्टेशन क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आकर्षण बटोरा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, मुख्य परियोजना अधिकारी अनुपम अवस्थी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्याम सिंह बरेडिय़ा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


