दुल्हन बनाकर बिछाया ठगी का जाल, 99 हजार रूपए ऐंठे, विरोध पर किया था हमला
शिवपुरी। शादी का सपना दिखाकर लोगों को जाल में फंसाने वाले एक शातिर गिरोह का पिछोर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गिरोह पहले शादी तय कराने का भरोसा दिलाता, फिर ऑनलाइन मोटी रकम वसूलता और विरोध करने पर मारपीट, धमकी व तोडफ़ोड़ पर उतर आता था। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी और शिवानी लोधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि प्राण सिंह यादव समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले की शिकायत हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्राम चेंगोला निवासी प्रीति पत्नी सुधीर फोगाट उम्र 32 वर्ष ने पिछोर थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने योगेंद्र का विवाह कराने का झूठा भरोसा देकर फोनपे के माध्यम से 99 हजार रूपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पूर्व निर्धारित स्थान पर बुलाकर पीडि़ता और उसके परिजनों का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि गिरोह ने अतिरिक्त रकम की मांग की। इंकार करने पर पीडि़ता के साथ मारपीट की गई, वाहन में तोडफ़ोड़ की गई और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपी शिवानी को भी अपने साथ वापस ले गए, जिससे पूरे मामले में सुनियोजित साजिश की आशंका और गहरा गई। शिकायत के आधार पर पिछोर थाने में अपराध क्रमांक 332/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन और एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में पिछोर टीआई नीतू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी ग्राम परतापपुरा और शिवानी लोधी ग्राम सेमरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर उप जेल पिछोर भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उनि रामकिशोर जोशी, सउनि अरविंद सगर, प्रधान आरक्षक रामहेत सिंह, महिला प्रधान आरक्षक प्रभावती लोधी, आरक्षक धर्मेंद्र लोधी, प्रदीप नरवरिया, बचान सिंह तोमर, कमल गुर्जर, जयेन्द्र गुर्जर, जितेंद्र गुर्जर तथा एनआरएस नंदिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


