हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
शिवपुरी। प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर जिला पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि हितग्राहियों के साथ लापरवाही करने वाले ठेकेदार अब नहीं बचेंगे। सोमवार को उन्होंने जनपद पंचायत पोहरी के सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर के साथ क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर अपूर्ण आवासों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ विजय राज सिंह ने ग्राम पंचायत उपसिल के ग्राम उपसिल, ग्राम पंचायत अगर्रा के ग्राम भावखेड़ी, ग्राम पंचायत परासरी के ग्राम परासरी तथा ग्राम पंचायत दौरानी के ग्राम दौरानीचक पहुंचकर जनमन आवास एवं आवास प्लस के अधूरे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों ने हितग्राहियों से आवास निर्माण का ठेका लेकर काम अधूरा छोड़ दिया है अथवा निर्माण कार्य शुरू ही नहीं किया है, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान आवास निर्माण की प्रगति, लंबित कार्यों, किश्त वितरण एवं निर्माण की गुणवत्ता की भी गहन समीक्षा की गई। भ्रमण के दौरान बीसी आवास दीपेंद्र यादव, नोडल अधिकारी नीतेश गुप्ता, ब्रजेश छिरोलिया, बीपीओ राकेश रघुवंशी तथा एपीओ विकास गोयल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला पंचायत सीईओ विजय राज सिंह ने स्पष्ट किया कि हर पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें बाधा बनने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


