बैराड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैस कटर से ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की साजिश नाकाम, दो आरोपी दबोचे

MP DARPAN
0

नेक्सोन कार, कट्टा और कारतूस जब्त

शिवपुरी। बैराड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वेलर्स की दुकान में गैस कटर से चोरी के प्रयास का खुलासा कर अंतरजिला चोर गिरोह की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन कार, 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा के अनुसार, 22 जुलाई को प्रिंस ज्वेलर्स के संचालक जगदीश प्रसाद गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर से दुकान का ताला काटकर चोरी का प्रयास किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सौरभ पुत्र निरंजन कुशवाह उम्र 20 वर्ष निवासी भूराडाढ़ा, जिला मुरैना तथा आकाश पुत्र रघुवीर रावत उम्र 28 वर्ष निवासी भूपतपुरा, जौरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का मास्टरमाइंड रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह है, जिसने राकेश कुशवाह, देवेन्द्र उर्फ देवू उर्फ चुटिया सविता एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर बैराड़ की सराफा दुकानों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। वारदात के लिए गैस कटर और हथियारों के साथ टाटा नेक्सोन कार क्रमांक एमपी 07 एजे 4821 का उपयोग किया गया था। पुलिस की सक्रियता के कारण बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके और मौके से भाग निकले थे। टीआई सुरेश शर्मा ने बताया कि गिरोह के कई सदस्य मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक हरिओम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक अतर सिंह रावत, ज्ञान सिंह रावत, रविन्द्र धाकड़, संदीप राठौर, वीरेन्द्र धाकड़, राजेन्द्र प्रसाद, चालक आरक्षक मनीष परिहार तथा आरक्षक अजय नीखरा की उल्लेखनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top