वीर सावरकर पार्क में निर्भया का शिकंजा, लड़कियों से अभद्रता करने वाले मनचले गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर सक्रिय हुई निर्भया टीम ने शुक्रवार को वीर सावरकर पार्क में कार्रवाई करते हुए महिलाओं और बालिकाओं से अभद्र व्यवहार कर रहे मनचलों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद थाना देहात पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

महिला सुरक्षा अभियान के तहत एसपी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों और बाजारों में तैनात किया गया है। ये टीमें छेड़छाड़, फब्तियां कसने और महिलाओं को परेशान करने वालों पर पैनी नजर रख रही हैं। इसी अभियान के तहत वीर सावरकर पार्क में सिविल ड्रेस में मौजूद निर्भया टीम ने कुछ युवकों को महिलाओं और बालिकाओं पर गलत नजर रखते और अभद्र हरकतें करते देखा। सूचना मिलते ही थाना देहात की मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और सभी मनचलों को पकड़कर थाने ले गई, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top