दो चोरी की बाइक और सोने का मंगलसूत्र बरामद, फरार साथी की तलाश तेज
शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर चोरी और झपटमारी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा किया है। मंदिर परिसर से बाइक चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में महिला से मंगलसूत्र झपटने की वारदात भी कबूल कर ली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो चोरी की बाइक और झपटमारी में लूटा गया सोने का मंगलसूत्र व पेंडल बरामद कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई है।
थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के अनुसार 18 जुलाई को जरियाकलां निवासी प्रेम सिंह जाटव ने बैराज माता मंदिर के बाहर से अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भौराना तिराहे के पास से किशन नामदेव उम्र 22 वर्ष निवासी बैराड़ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए चोरी की बाइक बरामद करा दी। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया। उसने बताया कि अपने साथी लल्लू नामदेव के साथ कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई दूसरी बाइक का इस्तेमाल कर 14 जुलाई को दुल्हारा-झलवासा मार्ग पर सोमबती जाटव के गले से सोने का मंगलसूत्र और पेंडल झपट लिया था। वारदात के बाद आरोपी ने जेवर अपने घर में बेचने की नीयत से छिपाकर रख दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र और पेंडल भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका साथी लल्लू नामदेव अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। बैराड़ पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के भी खुलासे हो सकते हैं।


