भोजन की गुणवत्ता और छात्र उपस्थिति सुधारने के निर्देश
शिवपुरी। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर विकासखंड पिछोर के शासकीय विद्यालयों में औचक निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला पंचायत की सहायक प्रभारी अधिकारी (पीएम पोषण) सीमा उपाध्याय ने कई विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण में शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय नावली तथा शासकीय प्राथमिक विद्यालय पुनावली में निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन वितरित होता पाया गया। वहीं शासकीय एकीकृत विद्यालय चंदावनी में भोजन मेन्यू के अनुरूप तो मिला, लेकिन उसकी गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों को हर हाल में पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति भी जांची गई। शाला प्रभारियों को अभिभावकों से नियमित संपर्क कर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जबकि सीएसी और बीआरसीसी को भी इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। रसोइयों को किचन शेड की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण, सब्जियों की अच्छी तरह सफाई, स्वच्छ बर्तनों में भोजन परोसने तथा शासन के खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


