जन चौपाल में एसपी का बड़ा फैसला, बस स्टैंड पर पुलिस तैनाती और मंडी में बढ़ेगी गश्त

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने मंगलवार को बैराड़ थाना परिसर में ग्राम चौपाल लगाकर आमजन से सीधा संवाद किया। चौपाल में ग्रामीणों, व्यापारियों, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याएं रखीं, जिनमें कई का मौके पर ही समाधान कराया गया। ग्राम चौपाल में पोहरी एसडीओपी आनंद राय, थाना प्रभारी सुरेश शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज की भागीदारी से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील करते हुए लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया। बैठक में बैराड़ बस स्टैंड स्थित पुलिस सहायता केंद्र पर पुलिस बल की नियमित तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं अनाज मंडी क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने के आदेश भी थाना प्रभारी को दिए गए। नगर पालिका के सहयोग से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top