छात्रसंघ चुनाव कराओ, वरना होगा मुख्यमंत्री निवास का घेराव, एनएसयूआई की सरकार को चेतावनी

MP DARPAN
0

शिवपुरी। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष समीर खान ने प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर पत्रकार वार्ता में सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए प्रदेश सरकार को तत्काल छात्रसंघ चुनाव की घोषणा करनी चाहिए, ताकि छात्रों को अपना लोकतांत्रिक प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिल सके।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समीर खान ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर छात्रसंघ चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे छात्र राजनीति से उभरने वाले नए और मजबूत युवा नेतृत्व का डर है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं, जहां से कई विधायक, सांसद और बड़े जनप्रतिनिधि निकले हैं। ऐसे में चुनाव नहीं कराना युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं का प्रभावी प्रतिनिधित्व नहीं हो पा रहा है। इससे छात्र हितों से जुड़े मुद्दे लगातार प्रभावित हो रहे हैं और विद्यार्थियों की आवाज़ दब रही है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई, तो संगठन मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगा और पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार से छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top