शिवपुरी। फिजीकल थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए जबरन पैसे मांगने के आरोपी समेत एक साल से फरार सजायाबी गिरफ्तारी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों कार्रवाइयां पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन तथा फिजीकल थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में की गई हैं।
पहली कार्रवाई में चीलौद पानी की टंकी के पास रहने वाली ऊषा प्रजापति ने अपने देवर राजू प्रजापति उम्र 31 वर्ष के खिलाफ शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने और रुपये नहीं देने पर मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई में न्यायालय के प्रकरण क्रमांक एससीएनआईए/668/2021, धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम में सजा प्राप्त आरोपी सोहेब खांन उम्र 37 वर्ष निवासी कमालगंज घोशीपुरा, शिवपुरी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी करीब एक वर्ष से फरार था और सजा भुगताने के लिए न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पुलिस ने वारंट का निष्पादन करते हुए आरोपी को दबोचकर न्यायालय में पेश किया।


