शिवपुरी। अवैध मादक पदार्थ, हथियार और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देहात थाना पुलिस ने 16 सितंबर को लगातार तीन कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 14.02 ग्राम स्मैक, 315 बोर देशी कट्टा, दो जिंदा राउंड और 12 लीटर कच्ची शराब बरामद की। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्रवाईयां पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में हुई।
पहली कार्रवाई में कब्रिस्तान रोड लुधावली से छोटू उर्फ आशिक खान उम्र 32 वर्ष निवासी गौशाला, थाना देहात को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 14.02 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 335/2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई रायश्री रोड पुलिया के पास की गई, जहां पंजाब सिंह यादव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम देवरी थाना चिलवानी जिला श्योपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर देशी कट्टा और दो जिंदा राउंड जब्त किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत आम्र्स एक्ट में कार्रवाई की गई। तीसरी कार्रवाई हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी मैदान में हुई। यहां सुरेन्द्र गोस्वामी उम्र 32 वर्ष निवासी लुधावली हाल शक्तिपुरम कॉलोनी खुड़ा को गिरफ्तार कर 12 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची अवैध शराब जब्त की गई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 336/2026 में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।


