सेवा संकल्प अभियान का शिवपुरी में भव्य आगाज, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया रक्तदान

MP DARPAN
0

जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, पिछोर और करैरा में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर 

शिवपुरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान-2026 का शिवपुरी जिले में रक्तदान शिविरों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। जिला अस्पताल शिवपुरी, श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय, पिछोर और करैरा में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सुरक्षा बलों के जवानों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साह से सहभागिता की।

जिला अस्पताल में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस महादान में सहभागी बनना चाहिए। विधायक देवेंद्र जैन ने अभियान को सेवा गतिविधियों से जोड़ते हुए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने बताया कि अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने शाम सात बजे आशीर्वाद का दिया प्रज्वलित करने की अपील भी की। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों, इंटर्न और स्वयंसेवकों ने शिविर के संचालन में भूमिका निभाई। स्टाफ और विद्यार्थियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। पिछोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक प्रीतम लोधी ने रक्तदान कर नागरिकों को प्रेरित किया। वहीं करैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने शिविर का शुभारंभ करते हुए युवाओं से रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। जिला अस्पताल में सीआरपीएफ और आईटीबीपी के जवानों के साथ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और आम नागरिक भी रक्तदान के लिए आगे आए। लाखन सिंह धाकड़ ने रक्तदान कर युवाओं से अभियान में सहभागिता की अपील की। अभियान के शुभारंभ ने जिले में सेवा और रक्तदान के प्रति उत्साह का संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top