दून पब्लिक स्कूल में 27वां शिक्षक दिवस समारोह, अतर सिंह राजोरिया को मिला आदर्श शिक्षक सम्मान
शिवपुरी। रेडिएंट ग्रुप द्वारा संचालित दून पब्लिक स्कूल में 27वां शिक्षक दिवस समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात शिक्षाविद् एमएस चौबे रहे। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ शिक्षाविद् अतर सिंह राजोरिया को आदर्श शिक्षक सम्मान से नवाजा गया।
मुख्य अतिथि एमएस चौबे ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के साथ समानता का व्यवहार करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ संस्कारवान एवं चरित्रवान बनाने का निरंतर प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आयोजित शिक्षक दिवस शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए अपने दायित्वों एवं कार्यों का आत्म-मंथन करने का अवसर है। समारोह में दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने अतर सिंह राजोरिया के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रशस्ति पत्र का वाचन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि एम.एस. चौबे, संस्थान के डायरेक्टर शाहिद खान एवं डॉ. खुशी खान ने उन्हें सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया। राजोरिया ने सम्मान के लिए प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों से निष्ठापूर्वक दायित्व निभाने और विद्यार्थियों को प्रगति की दिशा में प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्रा तनिषा ने दक्षिण भारतीय शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि विद्यार्थियों ने समूह नृत्य के माध्यम से गुरु वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन स्कूल कल्चरल काउंसिल की अरण्या रघुवंशी एवं गुरकीरत ने किया। अंत में अखलाक खान ने आभार व्यक्त किया।


