राशन दुकान में 4 हजार किलो से ज्यादा खाद्यान्न गायब, सेल्समैन-सहायक पर एफआईआर

MP DARPAN
0

बघेदरी अव्वल में औचक जांच के दौरान खुली पोल, हितग्राहियों ने भी लगाए राशन नहीं देने के आरोप

शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम बघेदरी अव्वल की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन की हेराफेरी का मामला सामने आया है। औचक निरीक्षण में 2,941 किलो गेहूं, 844 किलो चावल और 239 किलो नमक कम मिला। गायब खाद्यान्न की बाजार कीमत करीब 1 लाख 9 हजार 373 रुपये आंकी गई है। मामले में सेल्समैन सुशील मंडोलिया और सहायक विक्रेता रामजीलाल जाटव के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 एवं 7 के तहत करैरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर एसडीएम करैरा अनुपम शर्मा की कार्रवाई में तहसीलदार और नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने दुकान का भौतिक सत्यापन किया। दुकान में महज 450 किलो गेहूं और 5 किलो नमक मिला, जबकि पोर्टल के अनुसार 3,391 किलो गेहूं, 844 किलो चावल और 244 किलो नमक होना चाहिए था। जांच के दौरान ग्रामीणों और हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि विक्रेता दुकान का स्थान बदलता रहता था। मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं दिया जाता या दो माह के स्थान पर एक माह का ही राशन मिलता था। बयानों के आधार पर पंचनामा तैयार किया गया। जांच प्रतिवेदन के बाद खाद्य विभाग ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। प्रशासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top