-दो ड्रमों में जमीन के नीचे छिपाकर रखी 400 लीटर ओपी बरामद, 10 भट्टियां और 5 टंकियां ध्वस्त
-9 हजार किलो लहान नष्ट, 45 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त
शिवपुरी। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद शिवपुरी प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। करैरा क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक चले विशेष अभियान में प्रशासन और आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर कार्रवाई करते हुए करीब 400 लीटर शराब निर्माण में प्रयुक्त ओपी, 45 लीटर हाथ भट्टी शराब, लगभग 9 हजार किलो गुड़ लहान और तीन ट्रॉली अवैध लकड़ी जब्त की अथवा नष्ट की। कार्रवाई के दौरान 10 पक्की शराब भट्टियां और पांच पक्की लहान टंकियां जेसीबी से ध्वस्त की गईं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। अनुविभागीय दंडाधिकारी करैरा अनुपम शर्मा के नेतृत्व में आबकारी वृत्त प्रभारी डॉ. तीर्थराज भारद्वाज ने टीम के साथ करैरा कंजर डेरे सहित संवेदनशील क्षेत्रों में दबिश दी। तीसरे दिन की कार्रवाई में टीम ने जेसीबी से जमीन की खुदाई कर दो ड्रमों में छिपाकर रखी करीब 400 लीटर ओपी बरामद की। मौके पर तैयार किया जा रहा 2,500 किलो गुड़ लहान नष्ट किया गया। शराब निर्माण में इस्तेमाल के लिए रखी तीन ट्रॉली अवैध लकड़ी भी जब्त की गई। वहीं अवैध शराब बनाने के लिए बनाई गई 10 पक्की भट्टियों और पांच लहान टंकियों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले अभियान के दौरान कल 45 लीटर हाथ भट्टी शराब और 6,500 किलो गुड़ लहान जब्त कर नष्ट किया गया था। फतेहपुर कंजर डेरे पर दबिश के अलावा मंगला माता मंदिर के पास अवैध शराब बेचते हुए प्रार्थना कंजर को पकड़ा गया। अशोक होटल पहाड़ी पर भी छापामार कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग के मुताबिक तीन दिनों में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। उक्त कार्रवाई में अनुपम शर्मा, डॉ. तीर्थराज भारद्वाज, उपनिरीक्षक बृजराज शर्मा, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लौकेश बेवारिया, आरक्षक अनिल यादव तथा नगर सैनिक दिलीप और ऋतु सहित आबकारी एवं प्रशासन की टीम शामिल रही। वृत्त प्रभारी डॉ. तीर्थराज भारद्वाज ने बताया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और सघन चेकिंग लगातार जारी है। जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े ने कहा कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


