झिरी की राशन दुकान में 155 क्विंटल खाद्यान्न गायब, प्रबंधक और तत्कालीन विक्रेता पर एफआईआर

MP DARPAN
0

92.98 क्विंटल गेहूं और 61.86 क्विंटल चावल खुर्द-बुर्द करने का मामला, जांच के बाद पुलिस ने शुरू की विवेचना

शिवपुरी। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए चल रही निगरानी के बीच पोहरी क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य दुकान झिरी में खाद्यान्न खुर्द-बुर्द किए जाने का मामला सामने आया है। जांच में 92.98 क्विंटल गेहूं और 61.86 क्विंटल चावल, यानी कुल 154.84 क्विंटल खाद्यान्न गायब पाया गया। मामले में दुकान के प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग और तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान सिंह यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिले में राशन वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम पोहरी जे.पी. गुप्ता के निर्देशन में झिरी की उचित मूल्य दुकान की शिकायत की जांच कराई गई। मामला उस समय सामने आया जब संस्था प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान यादव द्वारा उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितता की गई और बड़ी मात्रा में गेहूं-चावल खुर्द-बुर्द कर दिया गया। संस्था द्वारा नोटिस जारी किए जाने पर विक्रेता ने 10 दिन में खाद्यान्न दुकान में रखने का आश्वासन दिया, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया। एसडीएम के निर्देश पर कराई गई जांच में संस्था प्रबंधक, तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान यादव और संस्था अध्यक्ष रेखा संठौर को अपना पक्ष रखने के लिए सूचित किया गया। जांच के दौरान प्रबंधक निर्मल गर्ग और वर्तमान सहायक विक्रेता संदीप रावत उपस्थित हुए। दुकान के भौतिक सत्यापन में गेहूं और चावल की कमी की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम पोहरी ने निर्मल कुमार गर्ग एवं शक्तिमान सिंह यादव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता और खाद्यान्न की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top