5 हजार घरों की जांच, 489 में मिला डेंगू-मलेरिया का लार्वा

MP DARPAN
0

20,613 पानी की टंकियों और 4,680 कूलरों की जांच, 134 दल 39 वार्डों में जुटे

शिवपुरी। शहर में डेंगू-मलेरिया के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर लार्वा सर्वे अभियान तेज कर दिया है। अब तक शहरी क्षेत्र के करीब 5 हजार घरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। इनमें 489 घरों में लार्वा मिला है। अभियान के तहत 39 वार्डों में 134 सर्वे दल लगाए गए हैं, जो घर-घर पहुंचकर पानी के स्रोतों और जमा पानी की जांच कर रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के अनुसार शहर में चार बच्चों की मौत के बाद लार्वा सर्वे अभियान शुरू किया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी आनंद सिंह राजावत द्वारा स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा नगर पालिका के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सर्वे के दौरान अब तक 20,613 पानी की टंकियों की जांच की गई, जिनमें 634 टंकियों में लार्वा पाया गया। वहीं घरों में रखे 4,680 कूलरों की जांच में 141 कूलरों में लार्वा मिला। विभाग की टीमें लार्वा मिलने वाले स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई के साथ लोगों को बचाव के उपाय भी बता रही हैं।

240 से अधिक कर्मचारी मैदान में

अभियान के लिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और नगर पालिका के 240 से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है। इनमें 134 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 47 आशा कार्यकर्ता, 23 एएनएम, 10 नगर पालिका कर्मचारी, 18 एमपीडब्ल्यू और 8 मलेरिया कर्मचारी शामिल हैं।

घर में पानी जमा न होने दें : सीएमएचओ

सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने नागरिकों से अपील की है कि पुराने टायर, कूलर, गमलों और पानी की टंकियों में जमा पानी नियमित रूप से खाली करें। घर और आसपास पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि मच्छरों के प्रजनन स्थल खत्म करना ही डेंगू-मलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। आसपास जमा पानी को हटाने तथा आवश्यकतानुसार विभागीय निर्देशों के अनुसार लार्वा नियंत्रण के उपाय करने की अपील भी की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top