बदरवास में अवैध क्लिनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, दो क्लिनिक सील

MP DARPAN
0

दस्तावेज मांगने पर एक संचालक मौके से भागा

शिवपुरी। बिना वैध पंजीयन संचालित स्वास्थ्य क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर बुधवार को बदरवास में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए आशीर्वाद क्लिनिक और चांदसी दवाखाना सील कर दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के अनुसार अवैध क्लिनिक संचालन की सूचना पर निरीक्षण दल गठित किया गया था। इसमें जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतेन्द्र कुशवाह, फार्मासिस्ट जलज जैन एवं प्रभारी बीईई शामिल रहे। टीम ने बराई रोड स्थित आशीर्वाद क्लिनिक पर दबिश देकर संचालक गोलू धाकड़ से वैध दस्तावेज मांगे। दस्तावेज प्रस्तुत करने के बजाय वह मौके से भाग गया, जिसके बाद क्लिनिक पर तालाबंदी कर दी गई। इसके बाद टीम ने चांदसी दवाखाना की जांच की, जहां आकाश सरकार चिकित्सकीय कार्य करते मिले। दस्तावेज मांगने पर नर्सिंग पंजीयन प्रस्तुत किया गया, जिसे स्वास्थ्य विभाग ने क्लिनिक संचालन के लिए वैध नहीं माना। क्लिनिक का वैध पंजीयन भी नहीं मिला। इसके बाद दवाखाना सील कर दिया गया। सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने कहा कि जिले में अवैध क्लिनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना वैध पंजीयन स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top