वर्चुअल रूप से जुड़े ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़ाया उत्सव का उत्साह
शिवपुरी। मध्यप्रदेश की 70 वर्षों की गौरवगाथा और विकास यात्रा का उत्सव शिवपुरी में उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। मानस भवन में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह ने प्रदेश प्रेम और एकता की अनोखी मिसाल पेश की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर सरस्वती वंदना और मध्यप्रदेश गान की मधुर धुनों ने वातावरण को भक्ति और गर्व के रंगों में रंग दिया।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मध्यप्रदेश ने 70 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं। यह गौरव का दिन है, जब हमें अपनी संस्कृति, समृद्धि और सेवा भावना पर गर्व करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम कहा कि मध्यप्रदेश कृषि में अग्रणी बन चुका है, यह हर किसान के परिश्रम का परिणाम है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि ऊर्जा, शिक्षा और उद्योग में तेजी से आगे बढ़ता मध्यप्रदेश आज नए युग की ओर कदम रख रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि खूब पढ़ो, आगे बढ़ो और प्रदेश के विकास में भागीदार बनो। वहीं नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में बड़े उद्योगों से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर रघुवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी तथा सीईओ विजय राज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के इस शुभ अवसर पर आईगोट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर सर्वाधिक कोर्स पूर्ण करने वाले जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया गया।
जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
मानस भवन परिसर में जनसंपर्क विभाग शिवपुरी द्वारा लगाई गई भव्य प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की विकास यात्रा, नारी सशक्तिकरण, पर्यटन, शिक्षा, ऊर्जा, निवेश और सुशासन की झलक प्रस्तुत की गई। प्रदर्शनी का मुख्य अतिथियों ने अवलोकन कर सराहना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और विकास की झलकियों से सजा यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश की आत्मा, मेहनत, संस्कृति और समर्पण का जीवंत प्रतीक बन गया।


