शिवपुरी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर परिषद कोलारस द्वारा पात्र हितग्राहियों को प्रथम किस्त का भुगतान किया जा रहा है। इसी बीच यह जानकारी सामने आई है कि कुछ असामाजिक तत्व प्रथम किस्त दिलाने के नाम पर अवैध रूप से धनराशि की मांग कर रहे हैं।
इस पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर परिषद कोलारस के मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमेश कुमार भार्गव ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रिश्वत लेना या देना पूर्णत: अवैध है। यदि नगर परिषद का कोई कर्मचारी अथवा कोई बाहरी दलाल प्रथम किस्त भुगतान के बदले पैसे की मांग करता है, तो इसकी शिकायत सीधे सीएमओ के मोबाइल नंबर 9893360784 पर की जा सकती है। सीएमओ भार्गव ने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की रिश्वत न दें और यदि कोई व्यक्ति अवैध मांग करता है तो तत्काल नगर परिषद को इसकी सूचना दें, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


