शिवपुरी। क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान के रूप में विख्यात धामौरा गांव में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक धामौरा मेले का भव्य शुभारंभ पूर्व मंत्री माननीय सुरेश धाकड़ रांठखेड़ा एवं नगर परिषद अध्यक्ष पोहरी श्रीमती रश्मि नेपाल सिंह वर्मा द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया। लगभग 50 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह मेला आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक माना जाता है।
उद्घाटन अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ ने कहा कि धामौरा मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का उत्सव है। यह मेला पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है और समाज में आपसी सौहार्द व भाईचारे को मजबूत करता है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल सिंह वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे पारंपरिक मेलों से ग्रामीण संस्कृति को संरक्षण मिलता है तथा स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और कलाकारों को नई पहचान व अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने मेला समिति एवं ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। मेले के शुभारंभ अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष मुन्नालाल रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय यादव, पार्षद धीरेन्द्र वर्मा, मेला समिति अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, समिति सदस्य प्रहलाद धाकड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


