माता शबरी शिक्षा परिसर की बेटियों का राष्ट्रीय हैंडबॉल में परचम, पांच छात्राएं टीम इंडिया में चयनित

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले के लिए गौरव का क्षण है, जब शासकीय माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, शिवपुरी की पांच छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 69वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल 19 वर्ष आयु वर्ग बालिका प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय टीम में विद्यालय की पांच छात्राओं का चयन हुआ है। साथ ही विद्यालय के समर्पित खेल शिक्षक शिवनाथ सिंह बैस को टीम का कोच नियुक्त किया गया है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 से 5 फरवरी 2026 तक घूमरविन, हिमाचल प्रदेश में आयोजित होगी। प्रतियोगिता से पूर्व मध्यप्रदेश टीम का प्री-नेशनल कोचिंग कैंप 25 से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित खिलाड़ी अपने खेल कौशल को और निखारेंगी। मध्यप्रदेश टीम में चयनित छात्राओं में सपना भिलाला, सीमा भिलाला, सरिता पटेलिया, रवीना भिलाला एवं राधा भिलाला शामिल हैं। इन होनहार बेटियों के चयन से विद्यालय, जिले और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर पिछले तीन वर्षों से खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। इस अवधि में विद्यालय की 30 से अधिक छात्राएं विभिन्न खेल विधाओं में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हो चुकी हैं। वर्ष 2026 में ही विद्यालय की छात्राएं हैंडबॉल, रग्बी एवं कुराश जैसे खेलों में विभिन्न आयु वर्गों में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के खेल शिक्षक शिवनाथ सिंह बैस की सतत मेहनत, अनुशासन और मार्गदर्शन को जाता है। आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक, विद्यालय के प्राचार्य सत्यप्रकाश भार्गव एवं समस्त स्टाफ ने चयनित छात्राओं एवं कोच को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top