एससी/एसटी मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अजाक आशुतोष राय

MP DARPAN
0

शिवपुरी कंट्रोल रूम में हाई-लेवल समीक्षा, त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश

शिवपुरी। अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अजाक) आशुतोष राय ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में ग्वालियर रेंज के अधिकारियों की अहम समीक्षा बैठक ली।

बैठक में ग्वालियर जोन के सभी जिलों शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के लंबित एससी/एसटी प्रकरणों, पीडि़तों को दी जाने वाली राहत राशि और नेशनल हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी, एसपी अमन सिंह राठौड़ शिवपुरी, एसपी हितिका वासल गुना, एसपी राजीव कुमार मिश्रा अशोकनगर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी आशुतोष राय ने सख्त निर्देश दिए कि एससी/एसटी से जुड़े मामलों में सूचना मिलते ही कानूनी प्रक्रिया में देरी न हो और हर कदम पर संवेदनशीलता बरती जाए। उन्होंने पीडि़तों को मिलने वाली राहत राशि के वितरण में आ रही अड़चनों को दूर करने और प्रक्रिया को सरल व तेज बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही नेशनल हेल्पलाइन नंबर 14566 के व्यापक प्रचार-प्रसार और उस पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा में यह भी सामने आया कि ग्वालियर रेंज के जिलों में एससी/एसटी हॉटस्पॉट चिन्हांकन, राहत राशि वितरण और हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में प्रगति हुई है, जिसकी एडीजी श्री राय ने सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top