बाबा साहब के जन्मोत्सव पर रैली में उमड़ा जनसैलाब, जिलेभर में गूंजा जय भीम

MP DARPAN
0

शिवपुरी। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती पर पूरा शिवपुरी जिला उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। शहर से लेकर गांव-गांव तक भव्य आयोजन, विशाल रैलियां और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया गया। हर ओर जय भीम के गगनभेदी नारों के बीच अनुयायियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

शहर में मुख्य आकर्षण रही भव्य रैली, जिसका शुभारंभ ग्वालियर वायपास शिवमंदिर टॉकीज के सामने स्थित अंबेडकर भवन से हुआ। रैली कमलागंज, माधव चौक, कोर्ट रोड पर पहुंची, रैली में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। डीजे की धुनों पर झूमते कदम, बाइक रैली में लहराते नीले झंडे और बाबा साहब की सजीव झांकी ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह मंच लगाकर रैली का भव्य स्वागत किया गया। शहर भर में सुबह से ही डॉ. अम्बेडकर जयंती को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया, जहां कई स्थानों पर बाबासाहब के प्रतिमा पर पुष्पांजलि के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समानता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जो संविधान दिया, वह केवल एक वर्ग के लिए नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के विकास और समान अवसर का आधार है। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। वक्ताओं ने सभी समाजों से एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि महापुरुषों के सिद्धांत किसी जाति या वर्ग विशेष तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज को आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाते हैं। साथ ही, शासकीय सेवाओं में पहुंचे लोगों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी आग्रह किया गया। जिले के कोलारस, बदरवास, पोहरी, बैराड़, करैरा, नरवर, मगरौनी, पिछोर, खनियांधाना, रन्नौद, सतनवाड़ा, सुभाषपुरा, दिनारा सहित अन्य क्षेत्रों में भी जयंती धूमधाम से मनाई गई। हर जगह रैलियां निकाली गईं, प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और विचार गोष्ठियों के माध्यम से बाबा साहब के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाया गया।

डांडा चीलौद में धूमधाम से मनी बाबा साहेब की 135वीं जयंती 

शहर के व्यायामशाला डांडा चीलौद स्थित जाटव समाज धर्मशाला में भारत रत्न डॉ. बीआर अम्बेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए और पूरे परिसर में जय भीम के जयघोष गूंजते रहे। मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू, केपी परमार, सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर डॉ. के.एल. राय, पूर्व पार्षद वीरेंद्र शिवहरे एवं पार्षद अशोक खन्ना सहित अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जाटव ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक विषमताओं को दूर किया जा सकता है। कार्यक्रम में बंटी मोहनिया, अनिल मौर्य, दिनेश मौर्य, अखिलेश मौर्य, धर्मेन्द्र मौर्य, विष्णु मौर्य, यशवंत मौर्य, संजय, विक्रम, रविन्द्र मौर्य, रोहित मौर्य सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

अंबेडकर जयंती पर वृक्षारोपण, विचार गोष्ठी और श्रद्धांजलि के साथ बाबा साहब को किया नमन

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर शहर में उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। फतेहपुर चौराहे स्थित अंबेडकर पार्क में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य आयोजन किया गया, जहां जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव के नेतृत्व में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जसवंत जाटव ने कहा कि बाबा साहब सामाजिक न्याय, समानता और समरसता के सशक्त संवाहक थे। उन्होंने अपने विचारों से देश को लोकतांत्रिक और न्यायपूर्ण दिशा दी। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बाबा साहब के आदर्शों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता ने बाबा साहब के विचारों को प्रेरणास्रोत बताते हुए सामाजिक समरसता पर बल दिया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केशव सिंह तोमर ने कहा कि बाबा साहब का जीवन समाजहित में समर्पित रहा, उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। हरवीर सिंह रघुवंशी ने उन्हें महान समाज सुधारक बताया। इस अवसर पर पूर्व महामंत्री सोनू बिरथरे, एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गगन खटीक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय शर्मा ने भी बाबा साहब के विचारों को प्रासंगिक बताते हुए अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मुकेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि वृक्षारोपण के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान केशव सिंह तोमर, हरवीर सिंह रघुवंशी, राकेश गुप्ता, विजय शर्मा, केपी परमार, लवलेश जैन, सोनू बिरथरे, गगन खटीक, हरिओम राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जंडेल सिंह गुर्जर, पूर्व पार्षद बलबीर सिंह यादव, पार्षद सुधीर आर्य, मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा, पूर्व नपा अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाहा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र गुर्जर, जिला मंत्री नीरज तोमर, दिलीप मुदगल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा शिवहरे, डॉ. रश्मि गुप्ता, आशीष बिंदल, अशोक गुप्ता, प्रशांत राठौर, रमेश बंजारा, सोनू कुशवाहा सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top