सोने के जेवर और नकदी बरामद
शिवपुरी। बदरवास थाना पुलिस ने सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई चर्चित चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक पारदी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने के जेवरात और नकदी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बदरवास टीआई नवीन यादव के अनुसार, 23 मई 2026 को फरियादी महेन्द्र कुमार गुप्ता उम्र 58 वर्ष पुत्र बाबूलाल गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक-6 बदरवास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर पुराने सोने-चांदी के जेवर एवं 10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस पर थाना बदरवास में अपराध क्रमांक 195/26 धारा 331(4), 305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को लगातार मार्गदर्शन दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से ग्राम सिंगवासा थाना कैंट जिला गुना से पारदी महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से 19.77 ग्राम सोने के जेवर एवं 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक नवीन यादव, उपनिरीक्षक नोबेल खेस, उपनिरीक्षक शिखा तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह मखेनिया, किरण सोनी, राकेश शिवहरे, गोपाल बाबू, आरक्षक सदन भिलाला, आरक्षक अनित बुनकर, आरक्षक चालक दीनू रघुवंशी, आरक्षक रिंकू एवं आरक्षक राजकुमार की सराहनीय भूमिका रही।


