शिवपुरी। वनभूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ कोलारस वन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सनवारा बीट में करीब 150 बीघा वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। रेंजर गोपाल सिंह जाटव के नेतृत्व में वन, राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने कक्ष क्रमांक आरएफ-127 एवं आरएफ-129 में वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर शासन की भूमि को मुक्त कराया।
रेंजर गोपाल सिंह जाटव के अनुसार,अतिक्रमणकारियों द्वारा वनभूमि पर अवैध खेती एवं अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले की जांच, दस्तावेजी साक्ष्य और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम प्राधिकारी से बेदखली आदेश प्राप्त किया गया। इसके बाद संयुक्त अमला भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान 3 जेसीबी एवं 2 ट्रैक्टर की मदद से अवैध कब्जे और निर्माण हटाए गए। वहीं भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए वन विभाग ने मौके पर ही कंटूर ट्रेंच खुदवाने का कार्य भी कराया। कार्रवाई में बदरवास के वन परिक्षेत्राधिकारी रवि पटेरिया, वन वृत्त शिवपुरी एवं सामान्य वनमंडल शिवपुरी के उडऩदस्ता दल, नायब तहसीलदार आशीष जैन, थाना प्रभारी तेंदुआ नीतू धाकड़, रन्नौद थाना पुलिस बल तथा कोलारस वन परिक्षेत्र का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। रेंजर गोपाल सिंह जाटव ने कहा कि वन विभाग की शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कानूनन अपराध है। वन संपदा की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और वनभूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


